गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र की जीटी रोड स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर अनियंत्रित स्विफ्ट कार ने मशीन के पास खड़े तीन युवकों को टक्कर मार दी। कार ने नीचे आए पंपकर्मी को रौंदकर आरोपी कार लेकर भाग गए। टक्कर लगने से पंप की मशीन भी क्षतिग्रस्त हो गई। तीनों घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पेट्रोल पंप मैनेजर अनुराग चौधरी की तहरीर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
चौधरी पेट्रोल पंप के मैनेजर अनुराग चौधरी निवासी रईसपुर के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 10 बजे स्विफ्ट कार सवार कुछ युवक पंप पर पहुंचे। नशे की हालत में कार विपरीत दिशा में लगाकर कर्मियों को पेट्रोल भरने को कहा। पंप कर्मी मनोज कुमार ने कार को घुमाकर मशीन की ओर टंकी करने को कहा। आरोपी ने कार दौड़ाई और घुमाकर लगाने के दौरान पंप की मशीन के पास खड़े तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पंप कर्मी मनोज कुमार निवासी शंकर विहार फेस दो और ट्रक क्लीनर विकास और संजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि मनोज कुमार को रौंदते हुए आरोपी कार लेकर भाग गए। घायल अवस्था में तीनों को पहले जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन पंप कर्मी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जीएस मेडिकल कॉलेज पिलखुआ में भर्ती कराया गया है। वहीं संजेश और विकास को भी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया पंप मैनेजर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी कार चालक दीपू निवासी सूर्या एन्क्लेव को गिरफ्तार कर कार कब्जे में ले ली है।
तेल भरवाने के बाद भुगतान कर रहे थे क्लीनर
अनुरोध चौधरी के मुताबिक कार की चपेट में आने से दो मशीन क्षतिग्रस्त हो गई हैं। आरोपी चालक शराब के नशे में था और कार अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। बताया कि पंपकर्मी मनोज कुमार को ट्रक क्लीनर विकास और संजेश कुमार डीजल का भुगतान करने के लिए मशीन के पास खड़े थे। इसी दौरान हादसा हुआ और दोनों कार की चपेट में आकर घायल हो गए।