गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स कुमार मैटल क्राफ्ट कंपनी के मालिक दीपक कुमार शर्मा ने आरोपी राजेश जैन के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि राजेश जैन ने उन्हें कॉपर की वायर बेचने का झांसा दिया और बतौर एडवांस 20 लाख रुपये ऑनलाइन ठग लिए। बाद में पता चला कि जिस गोदाम पर माल लेने तीन ट्रक भेजे गए थे वह राजेश जैन का नहीं है। पीड़ित उद्योगपति ने आरोपी के खिलाफ कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि पीड़ित दीपक कुमार शर्मा के अनुसार 26 अगस्त को राजेश जैन नाम के व्यक्ति ने उन्हें कॉल किया और कॉपर की वायर बेचने का झांसा दिया। पूर्व से कंपनी मालिक राजेश जैन से परिचित थे तो उन्होंने विश्वास कर लिया। मोबाइल पर वीडियो कॉल कर राजेश ने गोदाम में कॉपर की वायर और लोकेशन भी दिखाई। इसके बाद दीपक शर्मा ने तीन ट्रक दिल्ली के मंडोली स्थित बताए गए गोदाम पर वायर लेने भेज दिए। इसी बीच राजेश का फोन आया और बताया कि तीनों गाड़ियों में मॉल लोड करा दिया है। 65 लाख रुपये की कीमत का माल ट्रकों में भरा है। ऐसे में भुगतान देने की बात कही। हालांकि दीपक ने विरोध किया कि माल आपूर्ति होने के बाद भुगतान होगा। ऐसे में राजेश जैन ने 20 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। करीब एक घंटे बाद ट्रक चालक ने दीपक शर्मा को बताया कि गोदाम से गाड़ी नहीं भेजी जा रही है। दीपक शर्मा ने राजेश जैन को कॉल किया तो उसका मोबाइल बंद आया। पीड़ित ने गोदाम में मिलने वाले व्यक्ति हरिओम को कॉल किया तो वह भी बंद था। ट्रक चालक ने गोदाम में मौजूद कर्मचारियों से मालिक दीपक शर्मा की बात कराई। कर्मचारियों ने बताया कि यह गोदाम राजेश जैन का नहीं है। उसने माल तय किया और पैसे लेकर आने की बात कहकर चला गया। ऐसे में पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने राजेश जैन और हरिओम के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।