एंबुलेंस में प्रसव कराते चिकित्सक। स्रोत: स्वास्थ्य विभाग
गाजियाबाद। प्रसव पीड़ा से तड़प रही गर्भवती का एंबुलेंस 102 की टीम ने एंबुलेंस में ही बुधवार को सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद दोनों को सीएचसी मोदीनगर में भर्ती कराया। दोनों की हालत स्वस्थ है।
प्रोग्राम मैनेजर सुनील कुमार ने बताया कि मानकी रजापुर निवासी नरगिस उम्र 31 वर्ष को अचानक प्रसव पीड़ा बढ़ने पर परिजनों ने 102 एंबुलेंस को फोन किया। सूचना मिलने पर मोदीनगर से रवाना हुई 102 एंबुलेंस टीम गर्भवती को लेने उसके घर पहुंची। इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन अमित कुमार और पायलट जितेंद्र कुमार ने गर्भवती को सुरक्षित एंबुलेंस में बैठाया और उसे अस्पताल ले जाने लगे।
रास्ते में ही नरगिस की प्रसव पीड़ा बढ़ गई। स्थिति गंभीर होती देख एंबुलेंस टीम ने वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका। मौके पर मौजूद परिजन की मदद से एंबुलेंस के भीतर ही प्रसव की पूरी प्रक्रिया को संभाला।
नरगिस ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। एंबुलेंस स्टाफ के इस उत्कृष्ट और मानवीय कार्य की सराहना ऑपरेशन हेड रोचक चौहान और जिला प्रोग्राम मैनेजर सुनील कुमार ने की।