गाजियाबाद। विजयनगर सेक्टर-नौ स्थित एक कॉलोनी में रहने वाली नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों को इसका पता तब चला है, जब वह पांच माह की गर्भवती हो गई। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि बुधवार को 16 वर्षीय किशोरी की तबीयत अचानक खराब हुई। उसको उल्टी और चक्कर आने लगे। इस पर मां उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां चिकित्सकों ने मेडिकल परीक्षण किया तो किशोरी पांच माह की गर्भवती निकली। घर आकर मां ने किशोरी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने आरोपी शशि उर्फ सजिया मूल निवासी अलीगढ़ की करतूत बताई।
एसीपी के अनुसार, पीड़िता ने मां को बताया कि मामा के पड़ोस में रहने वाला युवक पांच माह पूर्व घर में घुस आया और अकेले पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस बारे में किसी को बताने पर उसकी व भाई की हत्या करने की धमकी दी। इससे भयभीत पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी थी।