गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के सिद्धार्थ विहार में आवास विकास परिषद की भूमि पर अवैध कब्जे की घटना सामने आई है। आरोप है कि छठ पूजा के नाम पर गड्ढा खोदकर जमीन को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया गया। मामले में आवास विकास परिषद के अवर अभियंता राम कुमार राणा ने विजयनगर थाने में पांच, छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
राम कुमार राणा ने बताया कि सरकारी भूमि पार्क के लिए आरक्षित है लेकिन अनुमति नहीं होने के बाद भी स्थानीय कुछ लोग छठ पूजा के लिए अस्थायी गड्ढा खोदकर नई परंपरा लागू कर जमीन पर अतिक्रमण व कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि प्रशासन द्वारा हिंडन नदी पर छठ पूजा के लिए व्यवस्था की गई है। मौखिक व लिखित चेतावनी के बावजूद भी इन लोगाें ने अपना काम जारी रखा। एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि विभागीय अधिकारियों से कब्जे के साक्ष्य मांगे गए हैं। मामले में कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।