गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में इलाज में लापरवाही से व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि झोलाछाप ने खुद को डॉक्टर बताकर गलत इंजेक्शन और ड्रिप लगा दी, जिससे मरीज की तबीयत बिगड़ गई। दूसरे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
बिहारीपुरा की आदर्श कॉलोनी निवासी वर्षा ने शिकायत दी कि 16 अगस्त की रात करीब 9 बजे वह पति बॉबी को बुखार की दवा दिलाने शनि चौक स्थित क्लीनिक-सह-मेडिकल स्टोर ले गई थीं। आरोप है कि संचालक ने बिना किसी रजिस्टर्ड डॉक्टर के पर्चे के खुद दवा और इंजेक्शन देने की बात कही और खुद को डॉक्टर बताया। कहा कि ड्रिप और इंजेक्शन से जल्दी ठीक हो जाएंगे।
उसकी सलाह पर वर्षा ने पति को वहीं भर्ती करा दिया। इंजेक्शन और ग्लूकोज चढ़ाने के दौरान घबराहट होने लगी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर संचालक ने दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा। वहां डॉक्टरों ने बॉबी को मृत घोषित कर दिया। मृत घोषित होने की सूचना पर आरोपी भागने लगा, जिसे शोर मचाकर पकड़ लिया गया।
एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी से डॉक्टर होने के प्रमाण मांगे गए हैं और क्लीनिक व मेडिकल स्टोर के पंजीकरण के बारे में सीएमओ से जानकारी ली जा रही है।
एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी से डॉक्टर होने के प्रमाण मांगे गए हैं और क्लीनिक व मेडिकल स्टोर के पंजीकरण के बारे में सीएमओ से जानकारी ली जा रही है।