- व्यापार मंडल ने वित्त मंत्री सुरेश खन्ना को जीएसटी संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सौंपा ज्ञापन
गाजियाबाद। संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग और प्रदेश महामंत्री तिलक राज अरोड़ा ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से मुलाकात की। दोनों व्यापारी नेताओं ने व्यापारियों की जीएसटी संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें ज्ञापन सौंपा। साथ ही सचल दल और एसआईबी विभाग पर व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
तिलक राज अरोड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि सचल दल व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न करते हैं। उनके मुताबिक, अधिकारी छोटी-छोटी कमियां और गलतियां निकालकर माल से भरी गाड़ियों को रास्ते में रोक देते हैं। इससे व्यापारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सचल दल अपने लक्ष्य पूरे करने के लिए व्यापारियों की गाड़ियां रोककर उन पर भारी पेनल्टी और टैक्स लगा देता है।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई के बाद व्यापारी कई-कई दिनों तक विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाते हैं, लेकिन अधिकारी नहीं मिलते। उन्होंने इस प्रक्रिया के लिए समय सीमा तय करने की मांग की। साथ ही जीएसटी विभाग से सचल दल को समाप्त करने का अनुरोध किया।