लोनी। लोनी बॉर्डर के खुशी वाटिका, कबूल नगर चौक के पास रहने वाले वीरेंद्र कुमार ने क्षेत्र के ही रहने वाले सचिन, डैनी, सिकन्दर और जितेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि चारों ने उनके बेटे शिवम और साले बॉबी को बेरहमी से पीटा है। शिवम की हालत गंभीर है और वह अस्पताल में भर्ती है। झगड़ा 30 जुलाई का है, पुलिस ने दो अगस्त को मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब 7 बजे बेटा शिवम मैदान में पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान अगली गली में रहने वाले सचिन और डैनी ने दो अन्य लड़कों को बुलाकर शिवम और उसके मामा बॉबी से मारपीट की।
आरोप है कि चारों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे से दोनों को बुरी तरह पीटा। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक अजय कुमार को सौंपी गई है। आपसी विवाद की बात सामने आई है, जांच व तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।