मुरादनगर। बृहस्पतिवार रात आई तेज आंधी के बाद रावली बिजलीघर क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के तार टूटने से असालतनगर बिजलीघर से जुड़ी दर्जनों कॉलोनियों की बिजली रातभर गुल रही। घंटों बिजली कटौती और लगातार ट्रिपिंग से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से अलग हाईटेंशन लाइन की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रावली बिजलीघर ग्रामीण क्षेत्र को बिजली आपूर्ति करता है, असालतनगर बिजलीघर शहरी क्षेत्र से जुड़ा है। इसके बावजूद रावली क्षेत्र में फाल्ट होने पर असालतनगर से जुड़े इलाकों की भी बिजली बाधित हो जाती है, जबकि दोनों बिजलीघरों के बीच करीब 15 किलोमीटर की दूरी है। राधेश्याम विहार फेज-5 निवासी प्रोफेसर वरुण त्यागी और कालू चौधरी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात कुछ देर की तेज आंधी के बाद रावली कलां बिजलीघर क्षेत्र की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आ गया। इसके चलते असालतनगर बिजलीघर से जुड़ी दर्जनों पॉश कॉलोनियों की विद्युत आपूर्ति पूरी रात ठप रही। प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार समीक्षा बैठकें कर रही है और अधिकारियों को लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन मुरादनगर क्षेत्र में घंटों बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से लोगों में रोष है। कॉलोनीवासियों ने मांग की कि असालतनगर बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन को अलग जोड़ा जाए, ताकि दूसरे क्षेत्र में फाल्ट होने पर शहरी इलाकों की आपूर्ति प्रभावित न हो। बिजली विभाग के एसडीओ प्रथम एसपी यादव ने बताया कि रावली कलां और असालतनगर बिजलीघरों की 33 केवी लाइन एक साथ जा रही है। इसी वजह से किसी एक लाइन में फाल्ट आने पर दोनों बिजलीघरों की आपूर्ति बाधित हो जाती है।