मोदीनगर। साइबर बदमाशों ने युवक को तीन हजार रुपये भेजने के चार दिन बाद ही पांच हजार रुपये की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं करने पर आरोपियों ने युवक का मोबाइल हैक कर लिया। आरोपी उसके फोटो वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। युवक ने पुलिस से मामले की शिकायत की है।
एक कॉलोनी निवासी युवक ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसके खाते में किसी अनजान व्यक्ति ने तीन हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके चार दिन बाद अज्ञात कॉलर ने युवक को बताया कि उसका पांच हजार रुपये का लोन पास हुआ था, जिसमें से दो हजार रुपये ब्याज के काटकर उसे तीन हजार रुपये भेज दिए गए। कॉलर ने युवक से तत्काल पांच हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। मांग नहीं मानने पर आरोपी ने युवक के फोटो वीडियो एडिट कर उसे भेज और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। आरोपी लगातार युवक को कॉल कर धमका रहे है। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।