साहिबाबाद। ग्रैप-एक की पाबंदियां लागू होने के बाद भी वायु गुणवत्ता सूचकांक कम होता नहीं दिख रहा। बीते दिनों में गोविंदपुरम का एक्यूआई सबसे कम रहता था। मगर शुक्रवार को यहां का एक्यूआई इतना बढ़ा कि देश का सर्वाधिक प्रदूषित इलाके में शामिल हो गया। एक सप्ताह के भीतर यह गाजियाबाद का दूसरा स्टेशन है जो सर्वाधिक प्रदूषित क्षेत्र में शामिल हुआ है, इससे पूर्व खोड़ा का एक्यूआई 317 दर्ज किया गया था।
छह माह पहले शुरू हुए गोविंदपुरम स्टेशन का एक्यूआई अब तक गाजियाबाद के सभी स्टेशनों से कम ही रहता था, वहीं शुक्रवार को यहां का एक्यूआई 366 हो गया, वहीं गाजियाबाद का एक्यूआई 241 रहा। वहीं संजय नगर की हवा भी बेहद खराब श्रेणी के करीब रही। यहां का एक्यूआई 296 था, जो जिले में दूसरा और देश में चौथा सबसे प्रदूषित स्टेशन रहा। इंदिरापुरम और वसुंधरा में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। हालांकि जिले के सर्वाधिक प्रदूषित रहने वाले लोनी और वेद विहार इलाके की वायु गुणवत्ता लगातार दूसरे दिन प्रदूषण की श्रेणी से बाहर हुई है।
-
इनसेट
ग्रैप की पाबंदियों का उल्लंघन किया अब लगेगा 10-10 लाख का जुर्माना
ग्रैप एक की पाबंदिया लागू होने के बाद यूपीपीसीबी की क्षेत्रीय टीम शुक्रवार को शहर की सड़कों पर उतरी। टीम अलग-अलग जगह निर्माण साइटों व निर्माण सामग्री बेचने वाली फर्मों को निरीक्षण किया। इस दौरान राजनगर एक्सटेंशन के पास मोरटी में गंगा एसोसिएट्स पर टीम पहुंची तो यहां निर्माण सामग्री खुले में पड़ी थी। ढकने के नाम पर खानापूर्ति की गई थी। नूरनगर में वंशिका वेदांत डेवलपर्स एलएलपी की निर्माण साइट पर एंटी स्मॉग गन बंद पड़ी थी। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण साइट के चारों ओर चादर तो लगाई थी, लेकिन धूल को नियंत्रित करने के लिए पानी का छिड़काव नहीं किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि दोनों जगह ग्रैप के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर इनके खिलाफ 10-10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने की संस्तुति की गई है। क्षेत्रीय कार्यालय से रिपोर्ट बनाकर लखनऊ मुख्यालय भेजी है।
-
देश के सर्वाधिक प्रदूषित स्टेशन
गोविंदपुरम 366
पूसा, दिल्ली 313
आरकेपुरम, दिल्ली 300
संजयनगर 296
एमआईईटी, मेरठ 295
-
गाजियाबाद के स्टेशनों का हाल
गोविंदपुरम 366
इंदिरापुरम 286
लोनी 151
संजयनगर 296
वसुंधरा 286
वेद विहार 104
वेव सिटी 195