भनैड़ा निवासी राशिद अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते थे। ग्रामीणों के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह राशिद का पत्नी से चाय देने में देरी होने को लेकर झगड़ा होने लगा। दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई। झगड़े के बाद गुस्साया राशिद अपनी मोपेड लेकर घर से निकल गया और निवाड़ी पुल के पास मोपेड खड़ी कर गंगनहर में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और निजी गोताखोरों ने गंगनहर में सर्च अभियान चलाया। घटना की जानकारी लगते ही राशिद के परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि छानबीन में राशिद के घरेलू विवाद की जानकारी लगी है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। राशिद की तलाश में गोताखोर लगे हुए है। सर्च अभियान में एनडीआरएफ से भी मदद मांगी गई है।