नगर निगम ने वाटर एटीएम लगाने के लिए शर्तें तय कर दी हैं। वाटर वेंडिंग मशीन लगाने वाली फर्म 20 लीटर फिल्टर्ड पानी के लिए 5 रुपये से ज्यादा नहीं वसूल सकेंगी। ठंडा पानी 5 रुपये में एक लीटर मिलेगा और एक ग्लास ठंडे पानी के लिए 2 रुपये से ज्यादा नहीं ले सकेंगे।
नगर निगम बोर्ड ने वाटर वेंडिंग मशीन लगाने वाली फर्म और निगम के लिए शर्तें तय कर दी हैं। दोनों को ही इन शर्तों पर शहर में 160 स्थानों पर वाटर वेंडिंग मशीनें लगानी हैं।
शर्तों के मुताबिक वाटर एटीएम लगाने वाली फर्म को समय-समय पर लैब से पानी का टेस्ट कराकर रिपोर्ट निगम को देनी होगी।
प्रतिदिन बेचे जाने वाले पानी का रिकार्ड फर्म को रखना होगा और हर महीने नगर निगम में जमा कराना होगा। नगर निगम वाटर एटीएम के लिए 100 वर्ग फीट जगह और बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराना होगा। फर्म इन वाटर एटीएम स्थल पर व्यावसायिक विज्ञापन लगा सकेंगी।
नगर निगम के जीएम जलकल संजय सिन्हा का कहना है कि शर्तों को मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही फर्मों से अनुबंध कर वाटर एटीएम लगाने का काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल प्रत्येक वार्ड में दो-दो वाटर एटीएम लगाने की योजना है। यह काम 3 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
दूर होगी पानी की किल्लत
शहर में 160 वाटर एटीएम लगाने के बाद शहर में पानी की किल्लत काफी कम हो जाएगी। खासतौर से टीएचए में ग्राउंड वाटर प्रदूषित होने की वजह से यह वाटर एटीएम लोगों को बड़ी राहत देंगे। उन्हें 25 से 30 रुपये में बोतल बंद पानी नहीं खरीदना पड़ेगा। 5 रुपये में 20 लीटर पानी मिल जाएगा।