मोदीनगर। गैस कनेक्शन की किताब बनवाने गए मोदीनगर बार एसोसिएशन के सचिव के साथ अभद्रता और गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एजेंसी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी नकुल त्यागी मोदीनगर बार एसोसिएशन के सचिव हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके चाचा विनोद त्यागी का गांव कलछीना स्थित रोहन गैस एजेंसी पर गैस कनेक्शन है। कनेक्शन की किताब गुम होने पर वह अपने चाचा के साथ नई किताब बनवाने एजेंसी पहुंचे थे। आरोप है कि किताब बनाने की बात को लेकर एजेंसी संचालक सुनील त्यागी से कहासुनी हो गई। इस दौरान एजेंसी संचालक ने अभद्र व्यवहार किया और गोली मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मामले में थाने में तहरीर दी। एसीपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव कलछीना स्थित रोहन गैस एजेंसी संचालक सुनील त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।