साहिबाबाद। ठंड और घने कोहरे की वजह से हिंडन एयरपोर्ट से हर दिन उड़ान प्रभावित हो रही है। बुधवार को कोलकाता की फ्लाइट जहां रद रही वहीं आदमपुर की फ्लाइट बिना लैंड हुए लौट आई। विमान में सवार यात्रियों को बाद में बस से आदमपुर भेजा गया।
कोहरे के चलते हिंडन एयरपोर्ट से हर दिन उड़ान प्रभावित हो रही हैं। कोलाकाता की फ्लाइट का समय सुबह का होने की वजह से लगातार तीसरे दिन उड़ान रद रही। दोपहर ढाई बजे हिंडन एयरपोर्ट से आदमपुर के लिए उड़ान भरी गई। कोहरे के चलने दृश्यता काफी कम होने की वजह से करीब ढाई घंटे तक विमान हवा में रास्ता ही तलाशता रहा। करीब ढाई घंटे बाद भी क्लियरेंस नहीं मिलने पर उड़ान को वापस हिंडन भेजा गया। हिंडन एयरपोर्ट प्राधिकरण के निदेशक डॉ. चिलका महेश ने बताया कि आदमपुर की उड़ान में 72 यात्री थे। करीब ढाई बजे विमान ने यहां से आदमपुर के लिए उड़ान भरा था। उड़ान भरने के ढाई घंटे बाद विमान आदमपुरम में लैंड हुए बिना हिंडन पर लौटा। 30 यात्रियों को कंपनी ने बस से आदमपुर भेजा है। बाकी ने टिकट रद करा दी है। इंडिगों ने कोलकाता की उड़ान रद की थी, जबकि मुंबई की उड़ान आधा घंटे की देरी से चली।