गाजियाबाद। साइबर ठगों ने मोदीनगर निवासी एक व्यक्ति के खाते में यूपीआई एक्टिव कर खाते से 5.27 लाख रुपये निकाल लिए। शातिर ने 14 अगस्त को बल्क में मैसेज भेजकर झांसे में लेकर ठगी को अंजाम दिया। ठगी का पता चलने पर मामले में भूपेंद्र शर्मा ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है।
शिकायत में फफराना रोड मोदीनगर निवासी भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि उनका खाता इंडियन बैंक में है। उनके मोबाइल नंबर पर 14 अगस्त 2026 को अचानक बड़ी संख्या में मैसेज आने लगे। लगातार आने वाले मैसेज के कारण बैंकिंग लेनदेन से संबंधित महत्वपूर्ण अलर्ट भी उनकी नजर में नहीं आ सके। इसी दौरान शातिर ने उनके बैंक खाते में यूपीआई एक्टिव कर ली। इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी और न ही उन्होंने किसी व्यक्ति को अपने खाते में यूपीआई सक्रिय करने या उससे लेनदेन करने की अनुमति दी थी। इसके बाद 18 और 19 अगस्त को उनके बैंक खाते से अलग-अलग समय पर कई बार अनाधिकृत लेनदेन हुआ। शातिरों ने ऐसा करके 5.27 लाख रुपये खाते से निकाल लिए। जब उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई तो ठगी का पता चला। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर 26 अगस्त को केस दर्ज कर लिया गया है। ठगी गई रकम को फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिन खातों में रकम गई है उनकी भी जानकारी निकलवाई जा रही है।