तेजाब पीड़िता गुलिस्तां को रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत अगले एक सप्ताह में पांच लाख रुपये की सहयोग राशि दी जाएगी। गुलिस्तां की फाइल बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन के पास पहुंच गई। फाइल पहुंचते ही जिला प्रोबेशन अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लखनऊ से उसे सहयोग राशि दिए जाने का प्रस्ताव पारित करा लिया है।
डीपीओ महेश कंडवाल ने बताया कि गुलिस्तां को न केवल सहयोग राशि बल्कि उसके इलाज में जो भी खर्च होगा, वह भी प्रशासन की ओर से उठाया जाएगा। इसके लिए सफदरजंग अस्पताल से सीधा संपर्क साधा गया है।
पीड़िता के इलाज में जितना भी खर्चा रानी लक्ष्मीबाई सहायता कोष के तहत उसका भुगतान होगा। महेश कंडवाल ने बताया कि पीड़िता को प्रशासन जल्द से जल्द सहयोग करने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए बृहस्पतिवार को पीड़िता का खाता भी खुलवाया गया और अब अगले पांच-सात दिनों में उसके खाते में सहयोग राशि पहुंचा दी जाएगी।
सहयोग राशि के साथ ही उपचार के बाद पीड़िता की काउंसलिंग भी कराई जाएगी। ठीक हेाने के बाद पीड़िता डिप्रेशन में न चली जाए, इसके लिए घर लौटने पर उसकी लगातार काउंसलिंग होगी।
ठीक होने के बाद स्व-रोजगार के लिए मिलेगा पैसा
उपचार के बाद जब पीड़िता ठीक हो जाएगी। यदि वह किसी तरह का रोजगार करना चाहेगी। उसके लिए भी अलग से प्रशासन की ओर से उसे सहयोग राशि दी जाएगी। महेश कंडवाल ने बताया कि बुटीक से लेकर कंप्यूटर सेंटर तक जो काम भी पीड़िता शुरू करना चाहेगी, उसके लिए उसे पैसा दिया जाएगा।