उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली थाना इलाके के एक गांव में एक युवक ने घर में घुसकर किशोरी पर तेजाब फेंक दिया। जिससे किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई। किशोरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत किया। परिजनों ने पड़ोसी गांव के रहने वाले दूसरे संप्रदाय के युवक के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी नीरज कुमार जादौन और एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
रविवार शाम गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी खाना बनाने के बाद घर के आंगन में बर्तन साफ कर रही थी। इसी दौरान पड़ोसी गांव राजपुर निवासी राहिल पुत्र नूर मोहम्मद मकान किशोरी के घर की करीब पांच फुट ऊंची दीवार फांदकर अंदर घुस गया।
आरोपी ने डिब्बे में लाए गए तेजाब को किशोरी के ऊपर उड़ेल दिया। घटना के बाद किशोरी की चीख निकल गई और आरोपी फरार हो गया। शोर सुनकर आए परिजनों ने आरोपी को आसपास के क्षेत्र में तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।