11 अप्रैल की दोपहर करीब 12 बजे टीलामोड़ निवासी युवक ने सगी चार वर्षीय भांजी को घर के बाहर से ले जाकर अपने कमरे पर ले गया। आरोपी बच्ची को चीज दिलाने का झांसा देकर ले गया था। अपने कमरे पर ले जाकर आरोपी ने मासूम से दुष्कर्म किया और गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया।
शव को कंधे पर लाद कर कमरे से निकला और शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में 80 फुटा रोड पर कार के नीचे फेंक दिया। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। दो दिन पहले पुलिस को उसकी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर फुटेज मिली थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। स्टेशन पर आरोपी काफी देर तक रहा था।
आरोपी किसी ट्रेन में नहीं चढ़ा था। पुलिस ने तलाश शुरू की। मामले में क्राइम ब्रांच भी आरोपी की तलाश कर रही थी। रविवार को क्राइम ब्रांच को सूचना पर पुलिस को सुराग मिला। पता चला कि बंथला नहर के पास किसी से मिलने वाला है। टीलामोड़ पुलिस ने क्राइम ब्रांच टीम के साथ चेकिंग शुरू की।
इस दौरान पुलिस ने आरोपी को आते देखा और उसे रुकने के लिए कहा। जिसके बाद आरोपी भागने लगा, पुलिस के पीछा करने पर आरोपी ने गोलियां चला दीं। जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल होकर गिर गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल आरोपी को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन इस दौरान ही आरोपी ने दम तोड़ दिया।
मुठभेड़ के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी से हुई मुठभेड़ में वह ढेर हुआ है और घायल पुलिस कर्मियों की हालत खतरे से बाहर है।