साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र में युवती को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और फिर शादी के लिए धर्मांतरण का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने मोहननगर के अर्थला निवासी शाकिब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपी को पुलिस ने उस समय गिरफ्तार किया जब वह अपने पिता अनीश अहमद के साथ युवती के घर उसे धमकाने जा रहा था।
एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि 25 जनवरी को एक युवती ने तहरीर दी थी। उसका कहना था कि वह मूलरूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और नोएडा में पढ़ाई कर रही है। उसका आरोप था कि करीब एक साल पहले अर्थला निवासी शाकिब ने इंस्टाग्राम के जरिए उससे दोस्ती की थी। खुद को हिन्दू धर्म में आस्था रखने वाला बताते हुए धर्म अपनाने की बात कही और शादी करने का झांसा भी दिया।
युवक ने उसे शालीमार गार्डन क्षेत्र स्थित एक सोसायटी में किराये पर फ्लैट भी दिलाया था। यहां युवक ने शादी करने की बात कहकर कई बार उसका यौन शोषण किया। फिर शादी से इन्कार कर दिया। यहां तक कि अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर पीड़िता से मारपीट भी की। 12 जनवरी 2025 को आरोपी ने धर्मांतरण का दबाव बनाते हुए पीड़िता और उसके भाई से अभद्रता व मारपीट भी की थी।
एसीपी ने बताया कि सोमवार को आरोपी शाकिब अपने पिता के साथ युवती के फ्लैट पर जा रहा था। तभी पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शाकिब ने युवती के लगाए आरोप स्वीकार किए हैं। साथ ही उसे धमकाकर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने की बात भी कही है। एसीपी ने बताया कि दोनों को पूछताछ के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।