साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाने में एक महिला ने हरिद्वार एसएसपी कार्यालय में तैनात डाक मुंशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिसकर्मी पर महिला ने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव और हमला कर मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त गाजियाबाद से शिकायत करने के बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी पुलिसकर्मी मूलरूप से उत्तराखंड के काशीपुर का रहने वाला है।
पुलिस आयुक्त को दी तहरीर में महिला ने बताया कि आरोपी उनका रिश्तेदार है। एसएसपी हरिद्वार के कार्यालय में डाक मुंशी के पद पर कार्यरत है। बताया कि 27 नवंबर 2024 की रात करीब 10ः30 बजे पुलिसकर्मी किसी कार्य से उनके घर पहुंचा। उस समय वह घर पर अकेली थीं।
आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उन पर शारीरिक संबंध स्थापित करने का दबाव बनाया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके साथ ही पति समेत झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे डाली। इस पर उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी अंजाम भुगतने की बात कहता हुआ भाग गया। उन्होंने पूरा मामला पति को बताया। तब महिला ने पुलिस से शिकायत की। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि मामले में 25 जनवरी को पीड़िता ने शिकायत दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।