राजेंद्रनगर सेक्टर तीन निवासी संजय राणा ने पड़ोस में रहने वाले नवीन शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कराया है। आरोप है कि कंस्ट्रक्शन कारोबारी नवीन शर्मा ने ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर उनसे 1.56 करोड़ रुपये निवेश करा लिए। इसके बाद न तो मूलधन वापस किया और न ही लाभांश। पूरी रकम पिछले करीब सात वर्षों में उनसे ली गई। पुलिस ने 16 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
दर्ज मुकदमे में संजय राणा ने बताया कि सात वर्ष पहले उन्हें बैंक के ब्याज से अधिक रिटर्न का झांसा देकर आरोपी ने 62 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद 54 लाख रुपये लिए। लोहा खरीदने के नाम पर 10 लाख रुपये और एक भवन खरीदने के नाम पर 86 लाख रुपये विक्रेता को दिलाए। आरोप है कि कंस्ट्रक्शन कारोबारी ने भवन अपने नाम करा लिया और इसमें से 34 लाख ही वापस किए। फिर 29 लाख रुपये एक व्यक्ति को दिलाए। पूरी रकम वापस मांगने पर आरोपी ने झगड़ा शुरू कर दिया। यहां तक कि उसकी पत्नी ने झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दे डाली। इतना ही नहीं आरोपी ने उनके भवन पर कब्जा कर लिया और फर्जी दस्तावेज तैयार कर आरोपी ने पुलिस को उनके ही खिलाफ तहरीर तक दे दी। इसके बाद उनके भाई पर भी मारपीट का आरोप लगाया जबकि भाई उस समय अमेरिका में थे। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जांचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।