दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर के लिए दुकानों के सर्वे का कार्य नगर निगम की ओर से पूरा कर लिया गया है। यहां की 46 दुकानों को नगर निगम की ओर से नए बस अड्डे के पास शिफ्ट करने की योजना तैयार की जा रही है। निगम की ओर से आगे की कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा।
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद से ही नगर निगम की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया था। कॉरिडोर के निर्माण के दौरान मंदिर के बाहर की दुकानों को शिफ्ट करने का प्रस्ताव है। इसके लिए नगर निगम की ओर से सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। दुकानों को नए बस अड्डे के पीछे शिफ्ट करने के लिए विचार चल रहा है। दुकानों को शिफ्ट करने में कुछ अड़चनें हैं। उन्हें दूर करने के लिए नगर निगम की ओर से कार्य किया जा रहा है। इससे पहले पर्यटन विभाग की ओर से लगभग छह करोड़ की लागत से मंदिर के सुदंरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
इससे मंदिर में लोगों के बैठने की व्यवस्था, प्रकाश की व्यवस्था व मंदिर में अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। अड़चनों को दूर करने के बाद मंदिर के बाहर की दुकानों को शिफ्ट कर कॉरिडोर के निर्माण के लिए आगे की कार्रवाई को अमल में लाया लाएगा।
मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया कि नगर निगम की ओर से कॉरिडोर का नक्शा तैयार कर लिया है। मंदिर के बाहर की दुकानों की पैमाइश और सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। अब आगे की कार्रवाई की जाएगी।