कंपनी के साझीदार ने दस्तावेज बदलकर 1.15 करोड़ रुपये हड़प लिए। मामले में डीसीपी ग्रामीण जोन के आदेश पर मोदीनगर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोदीनगर की बैंक कॉलोनी के रहने वाले अर्पित मोदी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार उनका ऑक्सीजन सिलिंडर आपूर्ति करने का काम है। छह साल पूर्व उन्होंने बैटरी कारोबार के लिए एक कंपनी बनाई। कंपनी में रोहित गुप्ता को साझीदार बनाया। अर्पित ने बताया कि रोहित गुप्ता को कंपनी के लेनदेन के लिए पासबुक, चेकबुक समेत सभी दस्तावेज दे दिए थे।
अर्पित का आरोप है कि रोहित गुप्ता ने परिजनों के साथ मिलकर दस्तावेजों में हेराफेरी कर कंपनी के 1.15 करोड़ रुपये हड़प लिए। सीए की जांच में रकम हड़पने की पुष्टि हुई। अर्पित ने रकम मांगी तो आरोपी ने लौटाने से मना कर दिया और परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बाद डीसीपी ग्रामीण ने एंटी फ्रॉड सेल से जांच कराकर मोदीनगर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर राजनगर एक्सटेंशन स्थित रिवर हाइट्स सोसायटी निवासी रोहित गुप्ता व प्रियंका और कमलेश गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।