साहिबाबाद। रियल एस्टेट कंपनी के उद्यमी से पांच करोड़ रुपये और कंपनी में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी ने आत्महत्या कर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर अदालत के आदेश पर पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रामप्रस्थ कॉलोनी निवासी निशांत कुमार चौबे के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा में उनकी कंपनी का प्रोजेक्ट चल रहा है। इसके निर्माण और मार्केटिंग के लिए उन्होंने शुभांगदम् बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि नीरज चौहान के साथ अनुबंध किया था। आरोप है कि नीरज ने प्राधिकरण की करीब 50 करोड़ रुपये की फीस जमा नहीं की, इससे प्रोजेक्ट का काम प्रभावित हुआ तो उन्होंने काम दूसरी कंपनी को दे दिया। निशांत का आरोप है कि नीरज ने उनसे लिए 12 करोड़ रुपये भी वापस नहीं किए। आठ सितंबर को फोन कर पांच करोड़ रुपये और कंपनी में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगी। मांग पूरी नहीं करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। 13 सितंबर को आरोपी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर उनके खिलाफ आरोप लगाए और खुद को कंपनी का निदेशक बताते हुए आत्महत्या करने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार 15 सितंबर को नीरज के भाई नितिन चौहान और पत्नी लक्ष्मी चौहान ने मोहन नगर के एक रेस्तरां में बुलाकर फिर वही मांग दोहराई। उन्होंने धमकी दी कि रकम और हिस्सेदारी नहीं मिलने पर नीरज आत्महत्या कर लेगा और उन्हें इसके लिए जिम्मेदार ठहराकर जेल भिजवा दिया जाएगा। पीड़ित ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज करके साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।