साहिबाबाद। लोन नहीं चुकाने पर सील किए गए फ्लैट को फिर से खोले जाने पर साहिबाबाद थाने में दंपती समेत अन्य पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि सील होने के बाद भी फ्लैट को खोला गया है। एडलवाइस रिकंस्ट्रक्शन कंपनी की सदस्य स्तुति द्विवेदी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में दो परिवार के सदस्यों ने कंपनी से ऋण लेकर राजेंद्र नगर स्थित एक फ्लैट को गिरवी रखा था। दोनों ने ऋण नहीं चुकाया था।
प्रशासन के आदेश के बाद भी आरोपियों ने फ्लैट पर कब्जा नहीं लेने दिया। कंपनी ने उच्च न्यायालय की शरण ली और अदालत के आदेश के बाद फरवरी 2025 में फ्लैट पर कब्जा ले लिया। कंपनी ने मई 2025 में नीलामी की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद ऋषिपाल शर्मा और मिथिला देवी के परिजनों ने हंगामा कर कुछ लोगों के साथ मिलकर सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर घायल किया और कंपनी की सील तोड़ कर फ्लैट पर कब्जा कर लिया। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।