गाजियाबाद। किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप से जुड़े मामले में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट एवं अपर सत्र न्यायाधीश नीरज गौतम की अदालत ने आरोपी प्रेमचंद और रजनी को जमानत दे दी है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद जमानत मंजूर की।
अभियोजन पक्ष के अनुसार नंदग्राम थाने में वादी ने शिकायत में आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना एक और दो अगस्त की मध्यरात्रि करीब डेढ़ बजे की बताई गई है। आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपियों ने वादी और उसकी बेटी के साथ गाली गलौज की। साथ ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
बयानों में विरोधाभास का दिया हवाला
आरोपियों के अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि आरोपी निर्दोष हैं और उन्हें झूठा फंसाया गया है। पीड़िता के बयानों में विरोधाभास होने का तर्क भी दिया गया। अधिवक्ता ने कहा कि दोनों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।
अंतरिम जमानत का नहीं किया दुरुपयोग
अदालत ने पाया कि दोनों आरोपी 15 अक्तूबर से अंतरिम जमानत पर थे और उन्होंने इस दौरान जमानत की शर्तों का उल्लंघन नहीं किया। उनका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने नहीं आया। इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने दोनों की नियमित जमानत मंजूर कर दी। अदालत ने निर्देश दिया कि आरोपी बिना अनुमति देश नहीं छोड़ेंगे। मामले से जुड़े गवाहों को धमकाने या प्रभावित करने का प्रयास नहीं करेंगे और विचारण के दौरान अदालत में उपस्थित होकर सहयोग करेंगे।