मुरादनगर। मथुरापुर गांव के निकट फैक्टरी का निर्माण करा रहे व्यापारी ने अज्ञात पर रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के अवंतिका निवासी जितेंद्र कुमार ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि पाइप लाइन मथुरापुर गांव के निकट उनकी करीब एक साल से उनकी फैक्टरी का निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि मोबाइल फोन पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनसे रंगदारी मांगी जा रही है। रकम नहीं देने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके अलावा फैक्टरी का निर्माण कार्य भी रुकवाया जा रहा है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।