परिवहन निगम जल्द ही गाजियाबाद के लोगों के लिए मथुरा तक का सफर सुहाना करने जा रहा है। पुराना बस अड्डे से मथुरा के लिए एक एसीबस प्रतिदिन चलेगी। रोडवेज अधिकारियों ने किराया शेड्यूल भी तय कर लिया है। गाजियाबाद से मथुरा तक 207 किलोमीटर लंबे सफर के लिए प्रत्येक यात्री को 305 रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
अभी तक मथुरा जाने के लिए गाजियाबाद से सीधी बस सेवा नहीं है। लोगों को या तो ट्रेन से सफर करना पड़ता है या फिर बस पकड़ने के लिए दिल्ली पहुंचना पड़ता है। अब परिवहन निगम ट्रायल बेस पर मथुरा तक बस संचालन करेगा।
इसके लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। जल्द ही दो बसें गाजियाबाद डिपो को मिल जाएगी। रोडवेज अधिकारियों ने बस के संचालन से पहले की कवायद शुरू कर दी है। एआरएम रोडवेज आरसी सुखीजा ने बताया कि बस संचालन के लिए रूट तय कर लिया गया है।
गाजियाबाद से यह बस दादरी, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, खुर्जा, गबाना, अलीगढ़, इगलास, राया होते हुए मथुरा पहुंचेगी और इसी रूट से इसकी वापसी होगी।
विभिन्न स्थानों से मथुरा तक किराया किराया
गाजियाबाद से 305 रुपये
दादरी से 271 रुपये
सिकंदराबाद से 245 रुपये
बुलंदशहर से 214 रुपये
खुर्जा से 187 रुपये
गबाना से 147 रुपये
अलीगढ़ से 115 रुपये
इगलास से 82 रुपये
राया से 45 रुपये