महानगर के डिग्री कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव में पहली सफलता एबीवीपी को हासिल हुई है। वीएमएलजी पीजी कॉलेज में एबीवीपी के पैनल ने निर्विरोध जीत हासिल की है। एबीवीपी पैनल से सोनम कसाना अध्यक्ष बनी है। वहीं, एमएमएच और एसडी कॉलेज में एबीवीपी के पैनल की रविवार को घोषणा की जाएगी।
एबीवीपी छात्र चुनाव प्रभारी सोनिया अग्रवाल और अंशू शर्मा ने बताया कि वीएमएलजी में एबीवीपी के पैनल से सोनम कसाना अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर शिवानी झा, महामंत्री पद पर शालिनी पाठक , सह-सचिव पद पर सीमा और कोषाध्यक्ष पर रजनी प्रजापति निर्विरोध चुनी गईं।
वीएमएलजी कॉलेज की प्राचार्या डा. कुसुम त्यागी ने बताया कि विभिन्न पदों पर तीन प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। इसके चलते पांचों पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध ही चुनी गई हैं। चयनित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह 15 नवंबर को आयोजित होगा।
दूसरी ओर एमएमएच कॉलेज और एसडी कॉलेज में नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल प्रत्याशियों की स्थिति साफ हो गई। एमएमएच मुख्य चुनाव अधिकारी डा. केशव कुमार ने बताया कि अध्यक्ष पद पर प्रत्याशियों की फाइनल सूची में अब अमन कुमार, अमित कुमार, हर्षिता शर्मा, मुकेश कुमार, पंकज कसाना और विकास शामिल हैं। वहीं एसडी कॉलेज में अध्यक्ष पद पर पांच प्रत्याशी चुनाव के मैदान में होंगे।
एमएमएच व एसडी में एबीवीपी आज घोषित करेगी पैनल
एमएमएच और एसडी कॉलेज में एबीवीपी के पैनल को लेकर असमंजस की स्थित रविवार को खत्म हो जाएगी। परिषद के संगठन मंत्री अश्वनी यादव व प्रदेश सहमंत्री आलोक कुमार ने बताया कि दोनों कॉलेजों में विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों के चयन के लिए पांच सदस्यीय चयन समिति नामों की घोषणा रविवार को होगी।