लोनी। बेहटा अंडर पास के पास कान में लीड लगाकर चल रहा शुक्रवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आ गया। चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना से पहले ट्रेन के ड्राइवर ने हॉर्न भी दिया था। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी।
एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि थाना लोनी बॉर्डर पर व्हाट्सएप मेमो स्टेशन मास्टर नौली (लोनी) दीपक कुमार द्वारा सूचना दी गई की ट्रेन संख्या 64025 दिल्ली शामली द्वारा पिलर नंबर 6/17 पर युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की शिनाख्त अभि धामा(19) पुत्र सुरेंद्र सिंह धामा निवासी खुला फाटक बेहटा हाजीपुर के रूप में हुई।
आसपास खेतों में काम करने वाले व्यक्तियों ने पुलिस को बताया कि दिल्ली की तरफ से आ रही ट्रेन द्वारा लगातार हॉर्न दिया गया। लेकिन अभि धामा के कान में एयरफोन होने के कारण वह सुन नहीं सका। इस दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। एसीपी ने बताया कि मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले का जांच कर रही है। संवाद