गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पैदल पार कर रहे युवक को क्रेटा कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक कई फिट दूर जाकर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। हालांकि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे औद्योगिक क्षेत्र से फैक्ट्री में मजदूरी करके लौट रहे हरिओम(30) निवासी बम्हेटा डीएमई पर पहुंचे। सेन विहार के सामने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पैदल पार कर बम्हेटा रोड पर पहुंचने का प्रयास किया। एक्सप्रेसवे पर तेज गति से आई क्रेटा कार ने हरिओम को टक्कर मार दी। तेज टक्कर से हरिओम कई फिट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में लेकर पहुंची जहां चिकित्सकों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि वह मूल रूप से कन्नौज के रहने वाले थे और एक वर्ष पहले ही बम्हेटा में किराये का कमरा लेकर मजदूरी करते थे। पुलिस ने शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। हालांकि देर शाम तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी थी।