मुरादनगर। कम कीमत में डेढ़ किलो सोना बेचने का झांसा देकर महिला से 10 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। जांच कराने पर सोना नकली निकला। पुलिस ने ठगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दुहाई निवासी सुरभि ने बताया कि दिल्ली-मेरठ मार्ग पर पिलर नंबर 748 के सामने वो दुकान चलाती हैं। 21 से 28 अप्रैल तक एक व्यक्ति महिला के साथ दुकान पर आया। व्यक्ति ने बताया कि उसके पास डेढ़ किलो सोना है, जो काफी सस्ते दाम पर मिल सकता है। पांच मई को मोदीनगर बस स्टैंड के पास बुलाकर महिला को सोना दिखाया। उसमें से दो छोटे टुकड़े सुरभि को दे दिए गए और कहा कि आप चेक करा लेना।
महिला ने सोने को लैब में चेक कराया तो वह असली निकला। इसके बाद महिला का फोन आया और उसने कहा कि अगर सोना लेना है तो दस लाख रुपये लेकर आ जाओ। आठ मई को मुरादनगर रैपिड ट्रेन स्टेशन के पास बुलाया गया और एकांत स्थान पर ले जाकर सोने का पैकेट देकर 10 लाख रुपये ले लिए। वह पैकेट लेकर घर पहुंचे। जांच कराने पर सोना नकली निकला। एसीपी ने बताया कि महिला की तहरीर पर अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।