मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर क्षेत्र स्थित गांव अमराला के समीप शनिवार रात मार्बल शीट से भरा बीस टायरा ट्रक गत्ते से भरी कैंटर को टक्कर मारने के बाद एक्सप्रेसवे से नीचे गेहूं के खेत में पलट गया। हादसा बीस टायरा ट्रक का टायर फटने के कारण हुआ। हादसे में ट्रक और कैंटर चालक मामूली रूप से घायल हो गए।
राजस्थान के रहने वाले चालक रमेश कुमार शनिवार रात करीब 3 बजे मार्बल शीट से भरा बीस टायरा ट्रक लेकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे होते हुए मेरठ की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह भोजपुर के गांव अमराला के पास पहुंचे ट्रक का अगला टायर फट गया। इसके कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी गत्ते से भरी कैंटर को टक्कर मारने के बाद एक्सप्रेसवे से नीचे गेंहू के खेत में पलट गया। हादसे में कैंटर क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें भरा गत्ता एक्सप्रेसवे पर बिखर गया। मुज्जफरनगर के भोपा रोड वासी कैंटर चालक शहनवाज घायल हो गया। उधर बीस टायरा ट्रक और उसमें भरी मार्बल शीट भी क्षतिग्रस्त हो गई। एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम के चमन प्रजापति दल के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर बिखरे गत्ते व क्षतिग्रस्त कैंटर को मौके से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि अभी किसी भी पक्ष ने घटना की तहरीर नहीं दी है।