भोजपुर में हापुड़ मार्ग पर गेंहू से लदा ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में गिरने से पलटा। संवाद
मोदीनगर। निर्माणाधीन हापुड़ मार्ग पर भोजपुर के नाहली के पास गेहूं से भरा ट्रक सड़क किनारे हुए गड्ढों के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में लदे गेहूं के बोरे सड़क किनारे बिखर गए।
पंजाब निवासी चालक सतनाम रविवार को गेहूं से भरा ट्रक लेकर हापुड़ जा रहा था। ट्रक चालक सतनाम और क्लीनर मामूली रूप से घायल हो गए। सोमवार को क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया और गेहूं के बिखरे बोरों को दूसरे ट्रक में भरवाकर गंतव्य के लिए भेजा गया।
मोदीनगर-हापुड़ मार्ग का मोदीनगर राज चौपले से गांव किल्हौड़ा तक चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। एक माह पूर्व कार्य शुरू हुआ था। कार्यदायी संस्था ने चौड़ीकरण के लिए सड़क के दोनों तरफ गड्ढे कर दिए, जिनमें अभी निर्माण सामग्री नहीं भरी गई। इसलिए आए दिन हादसे हो रहे हैं। पांच दिन में यह तीसरा हादसा है। इससे पहले गांव गदाना के पास मोदीनगर आ रहा नमक से भरा एक ट्रक सड़क किनारे बने गड्ढे में फंस गया था। इसके अलावा तीन दिन पूर्व गांव किल्हौड़ा के समीप मोदीनगर की तरफ आ रहा एक अन्य ट्रक गड्ढे में गिर फंस गया था। इसके अलावा आठ से अधिक दो पहिया वाहन सवार घायल हो चुके हैं। अगर गड्ढों को शीघ्र नहीं भरा गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उपजिलाधिकारी अजीत सिंह का कहना है कि वह आज मंगलवार को हापुड़ मार्ग चौड़ीकरण का निरीक्षण करेंगे।