घायल आरोपी बस चालक। स्रोत: वीडियोग्रैब
मोदीनगर। निवाड़ी क्षेत्र स्थित कस्बा पतला में मंगलवार रात शराब के नशे में धुत रोडवेज बस के चालक ने बस से पांच मकानों को टक्कर मारकर तोड़ दिया। इसके बाद बेकाबू बस बिजली के खंबे से टकराकर रुक गई। हादसे में बस क्षतिग्रस्त हो गई और बेसुध चालक बस से नीचे गिर गया। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर दी। हादसे में 18 ग्रामीण बाल-बाल बचे। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कस्बा पतला निवासी ब्रजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब दस बजे मेरठ डिपो की एक रोडवेज बस अचानक कस्बे में घुस गई है। बेकाबू बस ने एक बाद एक पांच मकानों को टक्कर मारकर तोड़ दिया। बस ने सबसे पहले उनके मकान को टक्कर मारी। टक्कर लगने से मकान का पिलर और दीवार गिर गई। इससे तेज धमाके के कारण मकान क्षतिग्रस्त गया। परिवार ने समझा या तो बम ब्लास्ट हुआ या फिर तेज भूकंप आया है। ब्रजेश कुमार के परिवार समेत अन्य पड़ोसी परिवार भी डर के कारण इधर उधर भागने लगे। इसके बाद बेकाबू बस ने चद्रपाल, रमेश, रामपाल शर्मा और शेरू के मकान को टक्कर मारकर तोड़ दिया। मकानों में टक्कर मारने के बाद बस बिजली के खंबे से टकराकर रुक गई। क्षतिग्रस्त बस से बेसुध चालक नीचे गिर गया। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर दी। ब्रजेश कुमार ने बताया कि चालक शराब के नशे में बुरी तरह धुत था। सभी मकानों में करीब 18 ग्रामीण में थे। ग्रामीणों ने बताया कि बस मेरठ डिपो की थी और नशे में धुत चालक बस को गलत रूट पर ले आया। घटना से जुड़ा चार मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसीपी मोदीनगर अमित कुमार सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक के सामान्य होने पर उससे पूछताछ की जाएगी।