मोदीनगर में जूते के शोरूम में चोरी की जानकारी देता कर्मचारी। संवाद
मोदीनगर। मोदीनगर थाने से मात्र सौ मीटर दूर रेलवे रोड स्थित जूते के शोरूम का ताला तोड़कर बदमाशों ने ढाई लाख रूपये की नकदी और जूते समेत लाखों रूपये कीमत का अन्य सामान चोरी कर लिया। बदमाश बैंक के जीने का ताला तोड़कर कर छत पर पहुंचे। वहां से सीढ़ी लगाकर शोरूम की तीसरी मंजिल पर गए और गुमटी का रोशनदान काटकर शोरूम में दाखिल हुए। इसके बाद कई दरवाजों के ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। घटना से व्यापारियों में रोष है।
नगर की सतीश पार्क कॉलोनी के रहने वाले राजकुमार गुप्ता का मोदीनगर थाने के सामने रेलवे रोड पर बिग बॉस के नाम से जूतों का शोरूम है। शोरूम तीन मंजिला बना हुआ है। शोरूम के बेसमेंट में जिम है। शोरूम के बराबर में इंडियन बैंक है। सोमवार सुबह राजकुमार गुप्ता ने शोरूम खोला तो सामान इधर उधर बिखरा मिला और एलईडी व लैपटॉप आदि गायब मिली। गल्ले और लॉकर के ताले भी टूटे मिले।
राजकुमार गुप्ता ने बताया कि बदमाश बराबर में स्थित इंडियन बैंक के जीने का ताला तोड़कर उसकी छत पर पहुंचे और बैंक की छत पर सीढ़ी लगाकर शोरूम की तीसरी मंजिल पर गए और जीने की गुमटी का रोशनदान काटकर शोरूम में दाखिल हुए। इसके बाद चार ताले तोड़ने के बाद चोरी को अंजाम दिया। बदमाश गल्ले में रखी करीब ढाई लाख रुपए की नकदी, बीस जोड़ी जूते, लैपटॉप और सीसीटीवी की डीवीआर व अन्य कीमती सामान चोरी करके ले गए।
चोरी की सूचना के बाद शोरूम पर बड़ी संख्या में व्यापारी और नेता जमा हो गए। पूर्व चेयरमैन रामआसरे शर्मा ने थाने से चंद कदमों की दूरी पर और बैंक से अति महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान के बराबर में हुई चोरी की घटना को पुलिस की घोर लापरवाही बताया। उन्होने पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठाया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।