वसुंधरा। सेक्टर-17 स्थित कोनार्क एन्क्लेव के ब्लॉक डी में सात वर्षीय बच्ची ज्वैल को मंगलवार शाम लावारिस कुत्ते ने काटकर चुटहाल कर दिया। घटना के बाद परिजन ने नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर पर फोन मिलाया तो उठा ही नहीं। इसके बाद से परिजन व स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
पिता दीपक बेंजामिन ने बताया कि मंगलवार शाम सात वर्षीय ज्वैल सोसायटी में ही खेल रही थी। इस दौरान लावारिस कुत्ते ने बच्ची पर झपट्टा मारा, लेकिन उसने हाथ आगे कर दिए। इससे कुत्ते ने हाथ पर ही काट लिया। बच्ची के शोर मचाने पर पास में मौजूद लोग पहुंचे और कुत्ते से उसे बचाया। उनका कहना है कि ज्वैल के उपचार के बाद जब उन्होंने नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने के लिए कॉल किया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
आरटीआई कार्यकर्ता प्रसून पंत का कहना है कि उन्होंने पूर्व में ऐसे ही मामले में जब आरटीआई लगाई थी तो जवाब में नगर निगम की ओर से उसमें हेल्प लाइन नंबर उपलब्ध कराया गया था। इसी नंबर पर पीड़ित पिता ने फोन किया, लेकिन उठाया नहीं गया। घटना के बाद से स्थानीय लोगों ने नाराजगी और डर दोनों बना हुआ है। लोगों का कहना है कि सोसायटी में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, इसकी वजह से लोगों के बीच डर बना हुआ है।
वहीं, नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मिथलेश सिंह का कहना है कि टीम को जल्द सोसायटी में भेज कर कुत्ते को पकड़ा जाएगा।