मृतक सुनील डी. फॉर सिक्योरिटी कंपनी की तरफ से सोसाइटी में तैनात थे। घटना को लेकर थाना विजय नगर प्रभारी योगेंद्र मलिक का कहना है कि बिल्डर चंद्रजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक की दिव्यांश सोसाइटी में करंट लगने से एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने प्रदर्शन करते हुए विजय नगर थाने में बिल्डर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही परिजनों ने बच्चों की शिक्षा और शादी के लिए मुआवजे की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
विज्ञापन
मूलरूप से एटा के थाना बागवाला क्षेत्र के रहने वाले सुनील कुमार डी. फॉर सिक्योरिटी कंपनी की तरफ से दिव्यांश सोसाइटी में तैनात थे। वह डूंडाहेड़ा में किराए पर रहते थे। उनकी पत्नी और चार बच्चे गांव में रहते हैं। शुक्रवार सुबह छह बजे वह मोटर चलाने गए। मोटर के आसपास जमीन पर पानी भरा था। तार में कट लगा होने से पानी में घुसते ही वह करंट की चपेट में आ गए। थोड़ी देर बाद सोसाइटी में तैनात दूसरे गार्ड की उन पर नजर पड़ी और सोसाइटी के अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय को इसकी सूचना दी। जिस पर इलेक्ट्रिशियन से बिजली आपूर्ति बंद करा कर लोग उन्हें पास के अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर सुनील के परिजन मौके पर पहुंचे।
सोसाइटी के एओए के अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने बताया कि मेंटेनेंस की जिम्मेदारी बिल्डर की थी। बिल्डर को मोटर के पास भरे पानी को निकालने के लिए कई बार कहा गया था। वहीं बिल्डर चंद्रजीत पाठक का कहना है कि मोटर चलाने के लिए अलग से इलेक्ट्रिशियन की तैनाती थी। खुद से ही मोटर चलाने के दौरान हादसा हो गया।