गाजियाबाद। यूसुफपुर मनौटा गांव के सुधीर कुमार ने अपने ही परिवार के तीन लोगों पर जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उनको इसके लिए कोर्ट जाना पड़ा। पुलिस ने अब छानबीन शुरू कर दी है।
सुधीर कुमार ने बताया कि जून 2025 में उनके परिवार के लोगों के खेतों में खड़े पेड़ आंधी की वजह से उखड़ गए थे। पेड़ हटाने की अनुमति लेने के लिए वह डीएफओ कार्यालय गए थे। वह जब कार्यालय में अनुमति लेने के लिए कागजी औपचारिकता पूरी कर रहे थे, तभी वहां परिवार के अंकुर, विकास कुमार और नितिन आ गए। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। उनको जमीन पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया। साथ ही गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। डीएफओ कार्यालय के स्टाफ के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भागे। वह इसकी शिकायत लेकर थाने गए, लेकिन पुलिस ने उल्टा उनके खिलाफ ही कार्रवाई की। मजबूरन उनको कोर्ट जाना पड़ा। इस बारे में एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।