साहिबाबाद। टीलामोड़ थानाक्षेत्र में घर से लापता हुई 12 वर्षीय किशोरी के लौटने पर परिजन ने पड़ोसी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। युवक पर किशोरी को घर से ले जाने और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामला 31 मई की देर रात का है। एक जून को पुलिस को शिकायत मिली तो मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में महिला ने बताया कि 31 मई की रात को उठीं तो उनकी 12 वर्षीय बेटी घर में नहीं थी। खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। सोमवार सुबह बेटी खुद ही घर वापस पहुंची तो उसने बताया कि पड़ोसी युवक रात को बहला फुसलाकर ले गया। उसने शादी का दबाव बनाते हुए उसका यौन उत्पीड़न करते हुए जबरन फोटो भी खींची। आरोपी ने अपने दोस्त के ऑटो रिक्शा से घर पहुंचवा दिया। महिला ने बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप युवक पर लगाया है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की बेटी को दो बार मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया, लेकिन उसने जांच से इंकार कर दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।