मोदीनगर। मृतक बच्ची नित्या का फाइल फोटो।
मोदीनगर। भोजपुर के कस्बा फरीदनगर में दुकान पर कोल्डड्रिंक लेने गई चार वर्षीय बच्ची नित्या की डीप फ्रीजर में उतर रहे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद व्यापारी दुकान बंद कर भाग गया। परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव उनके सुपुर्द कर दिया।
कस्बा फरीदनगर के रहने वाले राहुल जाटव ने बताया कि उनके भाई रोहित की चार वर्षीय पुत्री नित्या नर्सरी में पढ़ती थी। वह बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे समीपवर्ती सोनू सैनी की दुकान पर कोल्डड्रिंक लेने गई थी। दुकानदार सोनू ने बच्ची नित्या से फ्रीजर से कोल्डड्रिंक निकालने के लिए कह दिया। नित्या ने जैसे ही फ्रीजर खोला तो वह करंट की चपेट में आ गई और उससे चिपक गई। लोगों ने बच्ची को हटाने का प्रयास किया मगर बच्ची फ्रीजर से चिपकी रही। कुछ देर बाद झटके के साथ वह दूर जा गिरी। बच्ची को अचेत अवस्था में चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद सोनू दुकान बंद कर भाग गया। पड़ोसियों ने बताया कि फ्रीजर में काफी समय से करंट उतर रहा था। इससे पहले भी कई लोगों को करंट लग चुका था, मगर सोनू ने फ्रीजर को ठीक नहीं कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया।