सेक्टर तीन वैशाली स्थित पीजी में रहने वाली पूजा रामचंदानी 29 जून की देर रात करीब 11 बजे सड़क हादसे में घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर जा रही थीं। उनके भाई राजस्थान के जयपुर स्थित मालवीय नगर निवासी राहुल रामचंदानी ने बाइक में टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन चालक पर 30 जून की रात मुकदमा दर्ज करवाया है।
दर्ज मुकदमे में राहुल ने बताया कि उनकी बहन पूजा वैशाली सेक्टर तीन स्थित पीजी में रहती हैं। 29 जून की रात वह अपने दोस्त मनीष चौहान के साथ बाइक से पीजी की तरफ जा रही थीं। रास्ते में गौड़ ग्रीन चौराहे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार टाटा मैजिक वाहन ने मनीष की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी बहन पूजा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।