गाजियाबाद। दिवाली पर आतिशबाजी का शौक कुछ पल की खुशी तो दे सकता है लेकिन इसकी तेज आवाज और जहरीला धुआं कई लोगों के लिए लंबे समय तक परेशानी का कारण बन सकता है। खासकर हृदय, सांस और रक्तचाप के मरीजों के लिए पटाखों का शोर और प्रदूषण खतरनाक साबित हो सकता है। तेज धमाकों से जहां दिल की धड़कन और रक्तचाप बढ़ने का खतरा रहता है, वहीं धुएं में मौजूद सूक्ष्म कण सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ा सकते हैं। इसका असर केवल इन्सानों पर ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों पर भी पड़ता है। ऐसे में पटाखे जलाने से पहले आसपास रहने वाले बीमार लोगों और बेजुबान जानवरों का खयाल रखना जरूरी है।
आवाज का स्तर भी बन सकता है खतरा
एमएमजी अस्पताल के सीएमएस ईएनटी सर्जन डॉ. राकेश कुमार का कहना है कि सामान्य बातचीत के दौरान आवाज का स्तर करीब 60 डेसिबल होता है। वहीं पटाखों की आवाज उनकी किस्म और दूरी के अनुसार 120 से 150 डेसिबल या इससे अधिक तक पहुंच सकती है। पटाखों के लिए निर्धारित ध्वनि सीमा चार मीटर की दूरी पर 125 डेसिबल एआई (पटाखों की आवाज का प्रभावी ध्वनि स्तर) 145 डेसिबल सीपीक (आवाज के अचानक होने वाले सबसे तेज धमाके या अधिकतम ध्वनि दबाव) से अधिक नहीं होनी चाहिए। 120 डेसिबल के आसपास की आवाज भी कानों में दर्द और सुनने की क्षमता को नुकसान पहुंचा सकती है।
कान की सेहत पर भी पड़ता है असर
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. बीपी त्यागी के अनुसार, पटाखों के अचानक होने वाले तेज धमाके कान के पर्दे और सुनने की क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं। लगातार तेज आवाज के संपर्क में रहने से कानों में घंटी बजने जैसी समस्या यानी टिनिटस हो सकती है। कुछ मामलों में सुनने की क्षमता को स्थायी नुकसान भी पहुंच सकता है। इसलिए आतिशबाजी के दौरान कानों को तेज आवाज से बचाना जरूरी है।
सीएमओ की सलाह
सीएमओ डॉ. सचिन चंद्र वैश्य के अनुसार हृदय और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को दिवाली के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। पटाखों के धुएं और तेज आवाज से बचना चाहिए। किसी भी तरह की परेशानी होने पर लापरवाही करने के बजाय चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
हार्ट और सांस के मरीज इन बातों का रखें ध्यान
आतिशबाजी और पटाखों के धुएं से दूर रहें।
अस्थमा और सांस के मरीज डॉक्टर की सलाह से अपनी दवाएं साथ रखें।
घर के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें, ताकि धुआं अंदर न आए।
हृदय रोगी अत्यधिक शोर और तनाव वाली जगहों पर जाने से बचें।
सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द या घबराहट होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
पशुओं को भी तेज आवाज से बचाना जरूरी
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी पांडेय के अनुसार, पटाखों की तेज आवाज से पशु बुरी तरह डर सकते हैं। कई बार घबराहट में वे इधर-उधर भागने लगते हैं और खुद को चोट पहुंचा लेते हैं। पालतू कुत्तों और बिल्लियों में बेचैनी, कंपकंपी और असामान्य व्यवहार भी देखने को मिल सकता है। दुधारू पशुओं का दूध कम हो सकता है।
पशुओं को सुरक्षित रखने के उपाय
पशुओं के आसपास पटाखे न जलाएं।
पालतू जानवरों को घर के शांत और सुरक्षित कमरे में रखें।
पटाखों की आवाज के दौरान उन्हें अकेला न छोड़ें।
पशुओं को बांधकर खुले में न छोड़ें, जहां वे घबराकर चोटिल हो सकते हैं।
घायल या असामान्य व्यवहार करने वाले पशु को तुरंत पशु चिकित्सक को दिखाएं।