मसूरी क्षेत्र के आकाश विहार डासना देहात में एक पत्रकार और उनके परिवार के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने स्थानीय पुलिस को शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। आकाश विहार डासना देहात निवासी शगुफ्ता पत्नी शकील पत्रकार द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना 11 मार्च दोपहर करीब 3 बजे की है। शगुफ्ता अपने पति के साथ घर में बातचीत कर रही थीं तभी पड़ोस में रहने वाली शबनम नाम की महिला वहां आई और उनके पारिवारिक मामले में हस्तक्षेप करने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसके पति ने अपने पारिवारिक मामले में दखलअंदाजी का विरोध किया तो शबनम ने अपने दो बेटों, फैजान और फरहीन को बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर पत्रकार और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौच की और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस मारपीट में पत्रकार को अन्दरूनी चोटें लग गईं।
पुलिस को दी शिकायत में यह भी कहा है कि शबनम खुद को ग्राम प्रधान पद की उम्मीदवार बताती है और इसी बात का इस्तेमाल कर उनके उपर दबाव बना रही है। आरोप है कि पुलिस को शिकायत करने पर पीड़िता के पांच साल के बेटे अर्यान को जान से मारने और उठाने की धमकी दी है, पीड़ित परिवार को पुलिस के पास जाने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की भी चेतावनी दी गई है। शगुफ्ता ने मसूरी पुलिस को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि पीड़िता शगुफ्ता की दी गई शिकायत के आधार पर आरोपी शबनम तथा इसके दो बेटों फैजान व फरहीन निवासीगण आकाश विहार डासना देहात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल के बाद वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।