खुर्जा। थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में बुधवार तड़के सड़क निर्माण के लिए रोड़ी लेकर आए एक डंपर का पहिया अचानक मिट्टी में धंस गया, जिससे अनियंत्रित होकर डंपर पास में ही सो रहे मजदूरों पर पलट गया। हादसे में रोड़ी और डंपर के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। खुर्जा के खबरा मार्ग स्थित मुबारिकपुर गांव में इन दिनों सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण सामग्री रखने के लिए गांव के ही एक खाली मैदान का उपयोग किया जा रहा था।
जहां, डिबाई क्षेत्र के रहीमकोट गांव के करीब 10-12 मजदूर काम कर रहे थे और रात में इसी मैदान में सोते थे। मंगलवार रात को भी सभी मजदूर खाना खाकर मैदान में सो गए।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे निर्माण सामग्री लेकर डंपरों का आना शुरू हुआ। कुछ मजदूर जाग चुके थे और काम की तैयारी में जुट गए थे, लेकिन राकेश (30), पवन (35), विजय और राकेश गहरी नींद में थे। इसी दौरान रोड़ी से लदा एक डंपर मैदान के किनारे खाली होने के लिए आगे बढ़ा, तभी अचानक नरम मिट्टी धंस गया और डंपर का पिछला पहिया मिट्टी में समा गया। भार अधिक होने के कारण डंपर का ट्राला टूटकर सीधे सो रहे मजदूरों पर पलट गया। माैके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाई और डंपर को हटवाकर नीचे दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला।
हालांकि, पवन और राकेश मलबे के काफी नीचे दबे रह गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने पवन और राकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।