गाजियाबाद। मुरादनगर में हुए कांवड़ियों के बवाल के बाद दिल्ली रोड सोमवार से कांवड़ियों के नाम कर दिया गया, लेकिन स्थानीय लोग समय से पूर्व लागू हुई इस व्यवस्था से परेशान हैं। सड़क पार करने के लिए लोगों को 12 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोदीनगर मुरादनगर से लेकर गाजियाबाद तक 100 से अधिक कॉलोनियां हैं, इन कॉलोनियों में लाखों की आबादी निवारसत है। अब पुलिस ने अधिकांश कटों को बंद कर दिया। इसके बाद दिल्ली रोड की तरफ रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। बीते दो दिन से लोग सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं।
मुरादनगर की राधेयाम विहार कॉलोनी निवासी विपिन ने बताया कि उनको सड़क पार जाने के लिए दुहाई से घूमकर आना पड़ रहा है। यह दूरी छह किलोमीटर है। बीच में कोई कट नहीं है। आगे से घूमकर आने में 12 किलोमीटर चलना पड़ रहा है। विजयनगर निवासी हेमंत पालीवाल ने बताया कि कट पांच छह किलोमीटर दूर बना दिए हैं। विपरीत दिशा में पुलिसकर्मी किसी को चलने नहीं दे रहे हैं। अब किसी को बाजार से सामान भी लाना है कि दोगुनी दूरी तय करके जाना पड़ रहा है। दुहाई निवासी टीनू चौधरी ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन चौराहे के बाद एक कट इस्टर्न पेरिफेरल के पास दिया गया है। अब यदि सड़क के दूसरी तरफ जाना है तो राजनगर एक्सटेंशन चौराहे से घूमकर आना पड़ रहा है। गांव के अलावा आसपास बसी लाखों की आबादी परेशान है। सीकरी कलां निवासी पप्पन शर्मा ने बताया कि अपनी सुविधा के लिए पुलिस को स्थानीय लोगों को भी घरों में कैद नहीं करना चाहिए। महाशिवरात्रि अभी 11 अगस्त की है। इसलिए लोगों को एक सप्ताह से भी अधिक समय तक इसी तरह समय गुजारना पड़ेगा। डयूटी पर तैनात पुलिसकर्मी किसी को बात सुनने को तैयार नहीं हैं। वह अफसरों के आदेश का हवाला देकर आगे भेज देते हैं।
-
-कटों पर बन रही जाम की स्थिति :
दूर-दूर कट बनने से कटों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है। मुरादनगर में आयुध निर्माणी गेट के पास जाम लगा रहा है। इसके बाद दुहाई कट और राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर भी लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। पीक ऑवर में सुबह शाम मेरठ रोड से निकलना मुश्किल हो रहा है। मिनटों का सफर घंटों में तय हो रहा है। मोदीनगर में राज चौपला और राजनगर एक्सटेंशन चौराहे और मेरठ रोड तिराहे पर सबसे बुरा हाल है।