टूंडला। गाजियाबाद से अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन करने जा रहे एक वृद्ध की शनिवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस में हृदयगति रुकने से मौत हो गई। ट्रेन को टूंडला स्टेशन पर रोककर शव को उतारा गया।
मूल रूप से पक्का खेड़ा (मेरठ) निवासी 79 वर्षीय नरसिंह देव शर्मा वर्तमान में गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में रह रहे थे। शनिवार को वह अपने बेटे मोहित शर्मा, पुत्रवधू मीनाक्षी, नातिनी कनिष्क और पौत्र पार्थ शर्मा के साथ वंदे भारत एक्सप्रेस से अयोध्या जा रहे थे। अलीगढ़ स्टेशन पार करते ही नरसिंह देव शर्मा के सीने में तेज दर्द उठा और वह बेसुध हो गए।
परिजन ने टीटीई के जरिये टूंडला कंट्रोल रूम को सूचना दी। सुबह 9:50 बजे ट्रेन को टूंडला स्टेशन पर रोका गया। रेलवे चिकित्सीय टीम पहुंची और जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जीआरपी प्रभारी मोनू आर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।