मुरादनगर। स्वाट, काइम ब्रांच व थाना मुरादनगर पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पकड़ा गया बदमाश गैंगस्टर में वांछित चल रहा था।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अम्बुज सिंह यादव ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर द्वारा स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि लूटपाट व चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले फैसल गैंग का बदमाश गैंगस्टर में वांछित इनामी बदमाश अरकस किसी वारदात को अंजाम देने आने वाला है। सूचना पर स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच व थाना मुरादनगर टीम ने ओएफएम पुलिस चौकी क्षेत्र में चैकिंग अभियान चलाया। इसी बीच बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया, पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह वापस भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो उसकी बाइक फिसल गई और उसने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की तो पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। गिरफ्तार बदमाश अरकस निवासी कच्ची सरॉय कॉलोनी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित है। वह कुख्यात फैसल गैंग का सदस्य है, अरकस गैंगस्टर में वांछित चल रहा था, कब्जे से तमंचा, दो कारतूस, वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।