गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में स्कूटी की ऑटो में टक्कर लगने से गुस्साई भीड़ ने स्कूटी सवार युवक और उनकी पत्नी और बेटी के साथ अभद्रता की। भीड़ के हमले में महिला के कपड़े तक फट गए और बेटी भी घायल हो गई। आरोप है कि आक्रोशित भीड़ उनका मोबाइल भी लूटकर ले गई। स्कूटी सवार की तहरीर पर नंदग्राम पुलिस ने चार नामजद और 35 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि नई बस्ती निवासी राहुल जादौन के मुताबिक 23 मार्च की रात करीब साढ़े नौ बजे वह पत्नी साक्षी और छोटी बेटी के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह शनि मंदिर रोड पर पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ऑटो ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आई। आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद हालात बिगड़ गए। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मदद करने के बजाय उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते 35 से 40 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और उनके परिवार को घेर लिया। भीड़ ने जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिसमें लात-घूसे और डंडों से मारपीट की गई। राहुल के मुताबिक हमले के दौरान उनकी पत्नी साक्षी के साथ अभद्रता की गई और उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए। इस दौरान उनकी जेब से मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। घटना से परिवार में दहशत फैल गई और बच्ची भी बुरी तरह सहम गई। राहुल जादौन का कहना है कि हमले में उन्हें और उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं।
पत्नी साक्षी की हालत ज्यादा खराब होने पर उसे तुरंत मरियम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें गहरी चोटें आई हैं। घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और किसी तरह परिवार को हमलावरों के चंगुल से छुडाया। राहुल ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर हमलावरों में फुरकान, राशिद, जुनैद और गुड्डू के नाम सामने आए हैं। जबकि 30 से 35 अन्य लोग अजात हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी ने मिलकर सुनियोजित तरीके से हमला किया। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद का कहना है कि शिकायत के आधार पर चार नामजद और 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ डकैती, हमला तथा अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।